पैरोल पर जेल से बाहर आया हरियाणा का युवक मिला मृत, जुराब से 22 ग्राम चिट्टा बरामद
शिमला, 06 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर में पैरोल पर जेल से बाहर आए हरियाणा के एक युवक का शव सतलुज नदी के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक की पहचान हरियाणा के कैथल जिले के रहने वाले संदीप कुमार (34) के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से तीन मोबाइल फोन और जुराब में छिपाकर रखा गया करीब 22.26 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च को रामपुर पुलिस को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि भगवती होटल के पास सतलुज नदी के किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना रामपुर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में युवक को सतलुज नदी की ओर जाते हुए देखा गया है और इसी दौरान वह रास्ते में फिसलकर गिरता हुआ भी नजर आया है।
मौके से पुलिस को मृतक के पास से तीन मोबाइल फोन मिले हैं। इसके अलावा उसकी जुराब से करीब 22.26 ग्राम हैरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने इस संबंध में मादक पदार्थों से जुड़े कानून के तहत नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक किसी नशे की हालत में नहीं पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि वह चिट्टे की इस खेप को स्थानीय युवाओं को बेचने के इरादे से यहां आया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संदीप कुमार के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पांच मामले चोरी के हैं, जबकि एक मामला हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़ा है। इसके अलावा एक मामला उसे घोषित अपराधी की श्रेणी में दर्ज है। वह हत्या के मामले में करीब छह साल से जेल में बंद था और जनवरी 2026 में 70 दिन की पैरोल पर रिहा हुआ था। उसकी पैरोल 21 मार्च 2026 तक थी।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को इस संबंध में सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की जांच भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 194 के तहत की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

