home page

शिमला में चिट्टा तस्करी के आरोप में दो गिरफ्तार

 | 
शिमला में चिट्टा तस्करी के आरोप में दो गिरफ्तार


शिमला में चिट्टा तस्करी के आरोप में दो गिरफ्तार


शिमला, 13 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस की स्पेशल सेल ने दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बालूगंज थाना क्षेत्र के तहत दोनों मामलों में कुल 13.4 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ है। इन मामलों में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और इसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा है।

ताजा मामला 12 जुलाई का है।

पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल शिमला की टीम गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिलने पर आईएसबीटी क्रॉसिंग के पास स्थित टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर के समीप एक संदिग्ध युवक को रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब सात ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय रजत नेगी, पुत्र सुरत राम, निवासी चिड़गांव, जिला शिमला और वर्तमान में लक्कड़ बाजार, शिमला निवासी के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इससे पहले 8 जुलाई को स्पेशल सेल ने शोघी बैरियर पर वाहनों की जांच के दौरान चंडीगढ़-शिमला-थानाधार रूट की एचआरटीसी बस में सफर कर रहे एक यात्री के बैग की तलाशी ली थी। पुलिस के अनुसार बैग से 6.4 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान 19 वर्षीय अनुज राजटा निवासी कुमारसेन, जिला शिमला के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 13 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने सोमवार को बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। दोनों मामलों में बरामद चिट्टे के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा