home page

चंडीगढ़ से जाई जा रही थी हेरोइन, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
चंडीगढ़ से जाई जा रही थी हेरोइन, दो तस्कर गिरफ्तार


शिमला, 13 अप्रैल (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक सुनियोजित कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से मादक पदार्थ लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने की कोशिश कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है।

पुलिस थाना बालूगंज शिमला में इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है।

मामले के अनुसार स्पेशल सेल शिमला की टीम रविवार देर रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों बुराड़ी, पुराना बस स्टैंड, लक्कड़ बाजार और न्यू आईएसबीटी में गश्त और खुफिया जानकारी जुटाने के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली कि जिला कुल्लू के दो युवक चंडीगढ़ से हेरोइन की खेप लेकर रामपुर की ओर जा रहे हैं और इस समय टूटीकंडी क्रॉसिंग के पास बने रेन शेल्टर में वाहन का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेन शेल्टर में बैठे दो युवकों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपनी पहचान ऋषि ठाकुर (उम्र 20 वर्ष), निवासी गांव गवाह (शिल्ली हिमरी), डाकघर शारवी, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू तथा गौरव ठाकुर उर्फ गोलू (उम्र 19 वर्ष), निवासी गांव सुनैहर, डाकघर निशानी, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में बताई।

पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली, जिसमें ऋषि ठाकुर के पीठू बैग से छिपाकर रखी गई करीब 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बाहरी क्षेत्रों से नशे की खेप लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने में संलिप्त थे। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और नशे की यह खेप कहां-कहां सप्लाई की जानी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा