home page

दो सगे भाइयों से चिट्टा बरामद, गिरफ्तार

 | 
दो सगे भाइयों से चिट्टा बरामद, गिरफ्तार


शिमला, 09 अप्रैल (हि.स.)। शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी के कृष्णानगर क्षेत्र से दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.32 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को स्पेशल सेल शिमला की टीम गश्त और खुफिया सूचना के आधार पर कृष्णानगर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि सिख लाइन स्थित एक मकान में दो व्यक्ति अवैध रूप से हेरोइन बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम स्वतंत्र गवाह को साथ लेकर मौके पर पहुंची और संदिग्ध मकान में तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान वहां मौजूद दो व्यक्तियों की पहचान सौरभ घारु (36 वर्ष) और लव घारु (32 वर्ष) के रूप में हुई, जो सगे भाई हैं और कृष्णानगर के सिख लाइन क्षेत्र के ही निवासी हैं। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली, जिसमें 9.32 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में पुलिस थाना सदर शिमला में मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 और 29 के तहत 8 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे यह मादक पदार्थ कहां से लाते थे और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस दौरान पुलिस आरोपियों से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

उनका कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी तरह की नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा