home page

शिमला में छह करोड़ की हेरोइन मामले में पंजाब से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

 | 
शिमला में छह करोड़ की हेरोइन मामले में पंजाब से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार


शिमला, 18 अगस्त (हि.स.)। शिमला में अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी के मामले में शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब छह करोड़ रुपये कीमत की 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन की खेप से जुड़े मुख्य अंतरराज्यीय सप्लायर को पंजाब के तरनतारन जिले से गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने एक अन्य हेरोइन तस्करी मामले में भी सप्लाई नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी तक पहुंचते हुए पंजाब के मोगा जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार बीते 3 अगस्त को जिला शिमला की स्पेशल सेल ने शहर के बालूगंज थाना अंतर्गत शोघी के पास विजय कुमार नामक आरोपी को 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। यह शिमला जिले में अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी थी। पुलिस के मुताबिक इस खेप की कीमत करीब छह करोड़ रुपये आंकी गई थी।

मामले की जांच आगे बढ़ाने के दौरान पुलिस ने बरामद हेरोइन के स्रोत तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड लिंकज पर काम किया। आरोपी विजय कुमार से पूछताछ, तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि यह खेप पंजाब के तरनतारन जिले के रहने वाले 21 वर्षीय शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान ने उपलब्ध करवाई थी।

जांच में यह भी सामने आया कि विजय कुमार और शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान आपसी संपर्क के लिए सिग्नल ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस के अनुसार इसी आरोपी ने विजय कुमार को 1.120 किलोग्राम हेरोइन की खेप दी थी। इसके बाद विजय कुमार इस हेरोइन को लेकर शिमला पहुंचा था। पुलिस का कहना है कि इस खेप को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर आगे अन्य सप्लायरों तक पहुंचाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही शोघी के पास उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके बाद शिमला पुलिस ने पंजाब में विशेष अभियान चलाया और मामले के मुख्य सप्लायर शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान को तरनतारन जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण सप्लाई कड़ी का खुलासा हुआ है। अब उसके अन्य संपर्कों, सप्लाई नेटवर्क और हेरोइन के मूल स्रोत की जांच की जा रही है।

उधर, पुलिस थाना कोटखाई में दर्ज एक अन्य मामले में भी पुलिस ने सप्लाई चेन की तीसरी कड़ी तक पहुंचने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार 3 जुलाई को कोटखाई पुलिस ने राहुल शर्मा, रक्षित चौहान और लवली शर्मा के कब्जे से 64 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस मामले में जांच के दौरान पुलिस ने पहले अमित महावे को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया।

इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि पंजाब के मोगा जिले का रहने वाला 26 वर्षीय कोमलप्रीत सिंह उर्फ लाडी अमित महावे के नियमित संपर्क में था और उसे हेरोइन की सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार अमित महावे यह हेरोइन आगे हिमाचल प्रदेश में अपने संपर्कों के माध्यम से पहुंचाता था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने 8 अगस्त को कोमलप्रीत सिंह उर्फ लाडी को जालंधर से गिरफ्तार किया।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि उनका ध्यान केवल नशे की खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसियां अब उन लोगों तक पहुंचने पर जोर दे रही हैं जो नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क को संचालित करते हैं। पुलिस आर्थिक जांच के माध्यम से नशा कारोबार से जुड़ी संपत्तियों और धन के स्रोतों की भी पड़ताल कर रही है।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 216 मामले दर्ज किए गए हैं और 448 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसी अवधि में बैकवर्ड लिंकज के जरिए 66 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया और 50 प्रमुख नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में 7 और वर्ष 2024 में 12 सप्लायर गिरफ्तार किए गए थे।

वर्ष 2026 में अब तक 4.4 किलोग्राम हेरोइन या चिट्टा बरामद किया गया है। वर्ष 2025 में यह आंकड़ा 1.3 किलोग्राम और वर्ष 2024 में 1.8 किलोग्राम था।

एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि वित्तीय जांच के आधार पर इस वर्ष अब तक 6.38 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त या फ्रीज की गई है। वर्ष 2025 और 2024 में इस श्रेणी में कोई संपत्ति जब्त या फ्रीज नहीं की गई थी।

इसके अलावा पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत वर्ष 2026 में 40 निवारक निरोध किए गए हैं। वर्ष 2025 में ऐसे 3 मामले दर्ज हुए थे, जबकि वर्ष 2024 में इस कानून के तहत कोई निवारक निरोध नहीं किया गया था।

पुलिस का कहना है कि हाल के आंकड़े यह दिखाते हैं कि कार्रवाई का दायरा अब स्थानीय स्तर पर नशे की बरामदगी से आगे बढ़ चुका है। जांच का फोकस मुख्य सप्लायरों की गिरफ्तारी, अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ने, आर्थिक स्रोतों पर प्रहार करने और संगठित नशा तस्करी के ढांचे को कमजोर करने पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा