home page

शिमला पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया चिट्टा सप्लायर, अंतर-राज्यीय नेटवर्क का खुलासा

 | 
शिमला पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया चिट्टा सप्लायर, अंतर-राज्यीय नेटवर्क का खुलासा


शिमला, 10 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग थाना क्षेत्र में चिट्टा तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में मादक पदार्थ की खेप के सप्लायर को पंजाब के मानसा जिले से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान शिवदेव सिंह (30) निवासी गांव बछौंआ, जिला मानसा (पंजाब) के रूप में हुई है। शिमला पुलिस की स्पेशल टीम उसे गिरफ्तार कर ठियोग ले आई है, जहां उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस के अनुसार यह गिरफ्तारी 1 अप्रैल को ठियोग थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान की गई है। मामले की जांच में तकनीकी विश्लेषण, पूछताछ और बैकवर्ड लिंक की पड़ताल के आधार पर सप्लायर तक पहुंच बनाई गई।

दरअसल, 1 अप्रैल को ठियोग पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि मतियाना क्षेत्र में एक बोलेरो कैंपर में कुछ लोग मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त में शामिल हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और वाहन को ट्रेस कर लिया। वाहन में सवार चार युवकों की पहचान चांद प्रकाश (32) निवासी निरमंड जिला कुल्लू, विजय कुमार (23) निवासी निरमंड जिला कुल्लू, अभिषेक (24) निवासी ननखड़ी जिला शिमला और कैलाश (26) निवासी निरमंड जिला कुल्लू के रूप में हुई।

पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली, जिसमें 34.440 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया। इसके बाद चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस की आगे की जांच में सामने आया कि बरामद चिट्टा पंजाब से सप्लाई किया गया था। इसी कड़ी में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए सप्लायर तक पहुंच बनाई और उसे पंजाब से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मामले में अंतर-राज्यीय स्तर पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क के अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है और आगे भी इस दिशा में कार्रवाई जारी रहेगी। उनका कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा