home page

शिमला में चिट्टा सप्लाई में चंडीगढ़ से बैंक कर्मचारी गिरफ्तार

 | 
शिमला में चिट्टा सप्लाई में चंडीगढ़ से बैंक कर्मचारी गिरफ्तार


शिमला, 16 सितंबर (हि.स.)। शिमला में पांच ग्राम चिट्टा बरामद होने के मामले की जांच करते हुए पुलिस ने सप्लाई की एक और कड़ी का पता लगाया है। सदर पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर मनीमाजरा, चंडीगढ़ से 31 वर्षीय गौरव तिशावर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी एक सहकारी बैंक में कार्यरत है और नौकरी के साथ अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचकर आर्थिक लाभ कमाता था। उसकी मनीमाजरा स्थित रिहायश से 9.31 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन या चिट्टा भी बरामद किया गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि आठ सितंबर को सदर थाना क्षेत्र में दो युवकों को पांच ग्राम हेरोइन या चिट्टा के साथ पकड़ा गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णानगर, शिमला निवासी 25 वर्षीय सनमजीत पुत्र परमिन्दर सिंह और 22 वर्षीय सुमित सपरा पुत्र सोनू सपरा के रूप में हुई थी। दोनों से पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नशीले पदार्थ की सप्लाई की पिछली कड़ी खंगाली गई, जिसमें गौरव तिशावर की संलिप्तता सामने आई।

पुलिस टीम ने इसके बाद मनीमाजरा, चंडीगढ़ में कार्रवाई कर गौरव तिशावर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार जांच में यह तथ्य सामने आया कि वह सहकारी बैंक में नौकरी करने के साथ मादक पदार्थों की अवैध बिक्री में भी शामिल था और इससे आर्थिक लाभ अर्जित करता था। पुलिस ने आरोपी की मनीमाजरा स्थित रिहायश की तलाशी ली, जहां से 9.31 ग्राम हेरोइन या चिट्टा बरामद हुआ।

गौरव तिशावर को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले में मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा