शिमला : दो मामलों में 203 ग्राम चिट्टा बरामद, छह आरोपी गिरफ्तार
शिमला, 25 जून (हि.स.)। शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इन मामलों में कुल 203 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद करने के साथ-साथ नशा आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहला मामला रामपुर उपमंडल का है। पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम एनएच-5 पर भैरा खंड सड़क के पास गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग एक वाहन में चिट्टा लेकर उसकी सप्लाई करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में सवार अनिल रिबल्टा (23), प्रशांत मेहता (25) और तेजस्वी (24) के कब्जे से 25 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (आईपीडीआर) और वित्तीय लेनदेन की जांच की। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों ने चिट्टा खरीदने के लिए नवदीप मेहता उर्फ पियूष से संपर्क किया था और उसे 11 हजार रुपये भी भेजे थे। आगे की जांच में पता चला कि नवदीप मेहता ने यह खेप सचिन गौर के माध्यम से उपलब्ध करवाई थी। इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम पंजाब भेजी गई, जिसने 24 जून को जीरकपुर से नवदीप मेहता उर्फ पियूष को गिरफ्तार किया।
वहीं, चिट्टा सप्लाई करने के आरोप में सचिन गौर को भी डकोली, जीरकपुर से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
दूसरा मामला न्यू शिमला थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 20 जून को स्पेशल सेल शिमला की टीम कनलोग क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर एक होम स्टे में ठहरे गोपाल कुमार (34), निवासी बठिंडा, पंजाब के कमरे की तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कमरे से करीब 16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया।
मामले की आगे की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल फोन डेटा और सीडीआर का विश्लेषण किया। जांच में एक अन्य व्यक्ति गुरुवचन उर्फ गुरु की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम मोहाली भेजी गई, जहां 23 जून को गुरुवचन उर्फ गुरु को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के समय उसके कब्जे से 162 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया है कि वह एक संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और शिमला के विभिन्न इलाकों में मांग के अनुसार चिट्टा पहुंचाता था।
पुलिस का दावा है कि आरोपी अपने किराए के फ्लैट में मादक पदार्थों का भंडारण करता था और वहीं से इसकी आपूर्ति की जाती थी।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में अब तक कुल 203 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है। साथ ही नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और केवल बरामदगी ही नहीं, पूरे नेटवर्क को तोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

