गश्त के दौरान युवक से चिट्टा बरामद, गिरफ्तार
शिमला, 29 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहतन पुलिस ने एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ठियोग क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस टीम गश्त और सुराग जुटाने के दौरान मौजूद थी।
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम को थाना ठियोग की टीम रहीघाट बाईपास रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान खुफिया जानकारी के आधार पर एक संदिग्ध युवक को रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रीतीश (24) बताया, जो टिक्कर तहसील के गुजान्दली गांव का रहने वाला है।
तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 7.230 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि यह नशा अवैध रूप से रखा गया था। बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी नशा कहां से लेकर आया और इसके पीछे कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

