home page

शिमला में एचआरटीसी बस से चिट्टे बरामद, एक गिरफ्तार

 | 
शिमला में एचआरटीसी बस से चिट्टे बरामद, एक गिरफ्तार


शिमला, 19 अप्रैल (हि.स.)। शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की विशेष सेल ने एचआरटीसी बस में सफर कर रहे एक युवक को 26 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को विश्वसनीय सूचना के आधार पर पकड़ा गया और उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसे लेकर पुलिस थाना बालूगंज में मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम उस दिन टूटी बाइफरकेशन, राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर गश्त और यातायात जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली कि एक युवक एचआरटीसी बस में अपने बैग में हेरोइन लेकर यात्रा कर रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस को रोका और संदिग्ध युवक की पहचान राजदीप सिंह (लगभग 30 वर्ष) निवासी गांव पंडोरी बडेच, डाकघर बलकलां, तहसील बटाला, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में की। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें काले टेप में लिपटा हुआ एक पदार्थ बरामद हुआ। जांच करने पर यह पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) पाया गया, जिसका वजन करीब 26 ग्राम निकला। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। वर्ष 2026 के दौरान अब तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 101 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में कुल 215 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 177 आरोपी सीधे मामलों में और 38 आरोपी नशा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक के आधार पर पकड़े गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा