चिट्टा तस्करी में सप्लायर सहित दो गिरफ्तार
शिमला, 07 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी शिमला में चिट्टा तस्करी के एक मामले में पुलिस ने सप्लायर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पहले शिमला के अनाडेल निवासी एक युवक को 36 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा गया, जबकि बाद में जांच के दौरान उसके सप्लायर को भी हमीरपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से नशा तस्करी के नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी का खुलासा हुआ है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस थाना बालूगंज में इस संबंध में 6 अप्रैल को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल शिमला की टीम उस समय नियमित गश्त और चेकिंग पर थी। इसी दौरान अनाडेल चौक के पास पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर चिट्टा लेकर आ रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ठाकुर बाग के पास नाका लगाया और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया। बाइक सवार की पहचान गगन दीप सिंह उर्फ दीपू (33 वर्ष), निवासी गुरु नानक कॉटेज, अनाडेल, शिमला के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के साइड पैनल में छिपाकर रखा गया करीब 36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और बैकवर्ड लिंकज के आधार पर इस खेप के सप्लायर का भी पता लगाया गया। जांच में सामने आया कि यह चिट्टा मोहाली निवासी अंकित ठाकुर (27 वर्ष) की ओर से सप्लाई किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अंकित ठाकुर को हमीरपुर से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि अंकित ठाकुर काफी समय से मुख्य आरोपी गगन दीप सिंह को चिट्टा सप्लाई कर रहा था। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से नशा तस्करी से जुड़े एक सक्रिय नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है और अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चिट्टा कहां से लाया जा रहा था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क के अन्य संभावित संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की जांच अभी जारी है। शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

