चरस के साथ दो तस्कर काबू, दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे
शिमला, 22 सितंबर (हि.स.)। शिमला के कनलोग क्षेत्र में पुलिस ने दो लोगों से करीब 480 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 19 सितंबर को विशेष सेल की टीम ने कनलोग एनएच क्षेत्र में गश्त के दौरान की।
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान सुन्नी तहसील के रहने वाले जटिलेंद्र ठाकुर (28) और मेहर चंद (35) के कब्जे से 480 ग्राम चरस बरामद हुई। दोनों शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ न्यू शिमला थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान चरस की बरामदगी से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

