कोटखाई में चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार, पिस्टल भी बरामद
शिमला, 30 मार्च (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने शिमला जिला के कोटखाई क्षेत्र में चिट्टा बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चिट्टा के साथ एक पिस्टल, चाकू और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम थाना कोटखाई के तहत कोकुनला के पास काले रंग की टाटा सफारी गाड़ी में सवार दो लोग चिट्टा बेचते हुए पकड़े गए। आरोपियों की पहचान रमन जीत (50 वर्ष), निवासी मोहाली (पंजाब) और रूबेल (26 वर्ष), निवासी गांव ताकरोट डाकघर बगैर कोटखाई के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2.25 ग्राम चिट्टा, एक पिस्टल, एक छोटा चाकू और दो अतिरिक्त गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशे की सप्लाई कहां से ला रहे थे और किन लोगों तक पहुंचा रहे थे।
इसी बीच शिमला जिले के ही चौपाल क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में एक व्यक्ति को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक थाना चौपाल के तहत चंबी क्षेत्र के ननाहर मोड़ के पास पुलिस टीम ने नरेंद्र सिंह उर्फ भूरा (46 वर्ष), निवासी गांव गागना डाकघर चंबी तहसील चौपाल को 90 ग्राम चरस के साथ पकड़ा है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आगे की जांच शुरू कर दी है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

