home page

रामपुर के दो युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार

 | 
रामपुर के दो युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार


शिमला, 21 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में रामपुर के दो युवक हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़े गए हैं। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 6.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों युवक एक गाड़ी में सवार थे। पुलिस की डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम ने गश्त और जांच के दौरान उन्हें पकड़ा।

पुलिस के अनुसार 20 नवम्बर को डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम भारतोनाला के पास गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों की तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से 6.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश (24) पुत्र चमन सिंह और रोहित (26) पुत्र रणवीर सिंह के रूप में हुई है। दोनों शिमला जिले की रामपुर तहसील के निवासी हैं। पुलिस ने बरामद चिट्टे को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस मामले में पुलिस थाना कुमारसैन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में नशे की बरामदगी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा