home page

शिमला में अफीम और नकदी के साथ दो तस्कर काबू

 | 
शिमला में अफीम और नकदी के साथ दो तस्कर काबू


शिमला, 19 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने करीब 195 ग्राम अफीम और 68 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में मंडी जिले के दो व्यक्तियों को पकड़ा है। दोनों एक गाड़ी में सवार थे और पुलिस ने यह बरामदगी गाड़ी की पिछली डिक्की में रखे कैरी बैग से की।

पुलिस के अनुसार पुलिस थाना सुन्नी की टीम ने वीरवार तड़के अपर भारगन में जंगल मोड़ के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान माधोघाट की ओर से आ रही एक गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पिछली डिक्की में रखे एक कैरी बैग से करीब 195 ग्राम अफीम और 68 हजार रुपये नकद मिले।

इस मामले में पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान गुरजीत सिंह (36) पुत्र कुंदन लाल निवासी तहसील करसोग, जिला मंडी और करम दास (49) पुत्र जिउणू राम निवासी तहसील निहरी जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अफीम और नकदी बरामद होने के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि थाना सुन्नी में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 18 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब बरामद अफीम के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले के तार किसी बड़े नशा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं। मामले में आगामी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा