कृष्णानगर में छह ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार
शिमला, 10 सितंबर (हि.स.)। शिमला पुलिस की स्पैशल सैल टीम ने शहर के कृष्णानगर में एक रिहायशी कमरे से करीब छह ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई आठ सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस टीम ने कृष्णानगर स्थित एक रिहायशी कमरे की तलाशी ली। इस दौरान कमरे में मौजूद कृष्णानगर निवासी 25 वर्षीय सनमजीत सिंह उर्फ सनम और 22 वर्षीय सुमित सपरा के संयुक्त कब्जे से करीब छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार चिट्टा गोल्ड फ्लेक सिगरेट की डिब्बी में रखकर गद्दे के नीचे छिपाया गया था।
पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में सदर थाने में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

