home page

शिमला में चिट्टा और एमडीएम ड्रग के साथ दो गिरफ्तार

 | 
शिमला में चिट्टा और एमडीएम ड्रग के साथ दो गिरफ्तार


शिमला, 06 सितंबर (हि.स.)। शिमला पुलिस ने संजौली क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और लगभग सात ग्राम एमडीएम बरामद किया है। इस संबंध में पुलिस थाना संजौली में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार चार सितंबर की शाम संजौली थाने की टीम लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास गश्त पर थी और नशीले पदार्थों से जुड़ी सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बतीश कॉलोनी के पास चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थ बेचने की नीयत से घूम रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम बतीश कॉलोनी पहुंची और दोनों संदिग्धों की तलाशी ली। उनके बैगों की तलाशी के दौरान करीब 24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और लगभग सात ग्राम एमडीएम बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 45 वर्षीय बलदेव सिंह, निवासी सेक्टर 41-डी, बढ़ेड़ी, चंडीगढ़ और 23 वर्षीय साहिल, निवासी सुन्नी, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच में नशीले पदार्थों की खरीद और आपूर्ति से जुड़े पहलुओं का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में और कौन लोग शामिल हैं तथा नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा