home page

चिट्टे के साथ दो तस्कर काबू, रिमांड पर भेजे आरोपी

 | 
चिट्टे के साथ दो तस्कर काबू, रिमांड पर भेजे आरोपी


शिमला, 09 नवंबर (हि.स.)। शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शोघी के पास एक बस में सवार दो युवकों से करीब 13 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चिट्टे की बरामदगी से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल शिमला की टीम ने 5 नवम्बर की रात पुलिस चौकी शोघी के समीप नाकाबंदी के दौरान एक बस की जांच की। इस दौरान बस में सवार भूपिंदर सिंह (30) और अनुज कुमार (32) दोनों निवासी रोहड़ू जिला शिमला के कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ। तलाशी के दौरान भूपिंदर सिंह की जैकेट की जेब में रखी सिगरेट की डिब्बी से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में रखा चिट्टा मिला। दोनों के कब्जे से बरामद चिट्टे की कुल मात्रा करीब 13 ग्राम पाई गई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ बालूगंज पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा