पिकअप सवार दो युवकों से चिट्टा बरामद, गिरफ्तार
शिमला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के कोटखाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन में बैठे दो युवकों से 6.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन और बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया है। मामले में कोटखाई थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
डिटेक्शन सेल उपमंडल ठियोग के जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल कपिल नंबर 94 की ओर से पेश लिखित रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई। रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को कोटखाई नाला के पास एक पिकअप वाहन नंबर एचपी 75-0764 में दो व्यक्ति बैठे हुए थे। पुलिस ने उनकी तलाशी ली, जिसमें 6.30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान जुब्बल निवासी आशीष (33) और राहुल (31) के रूप में हुई है। बरामद चिट्टा और पिकअप वाहन को पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जांच के दौरान बरामद नशीले पदार्थ और दोनों आरोपियों से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

