शिमला के ढली में कार से चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार
शिमला, 30 अगस्त (हि.स.)। राजधानी शिमला के ढली थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार की तलाशी के दौरान 6.34 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक कार में सवार थे और चिट्टा फुटमैट के नीचे छिपाकर रखा गया था।
पुलिस थाना ढली की विशेष टीम 28 अगस्त को भट्टाकुफर से ढली टनल की ओर गश्त पर जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक कार में नशीला पदार्थ होने की विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार को रोककर नियमानुसार उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में बैठे एक व्यक्ति के पैरों के नीचे रखे फुटमैट को हटाया गया। इसके नीचे एक पारदर्शी प्लास्टिक पाउच मिला।
पुलिस के अनुसार पाउच में 6.34 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा था।
पुलिस ने इस मामले में शिमला जिला के सुन्नी निवासी 25 वर्षीय दुष्यंत वर्मा और कुल्लू जिले की आनी तहसील निवासी 24 वर्षीय अक्षय शर्मा को गिरफ्तार किया है। दुष्यंत वर्मा कृष्ण चंद वर्मा का पुत्र है, जबकि अक्षय शर्मा नरेश शर्मा का पुत्र है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

