शिमला में चिट्टे के साथ दो लोग गिरफ्तार, नकदी भी बरामद
शिमला, 22 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो लोगों को 9 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को पुलिस थाना ढली और स्पेशल सेल शिमला की संयुक्त टीम गश्त और सुरागबुरारी पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि दो लोग फागू की ओर से शिमला आते समय चिट्टे की सप्लाई के लिए आ रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर दो आरोपियों के कब्जे से 9 ग्राम चिट्टा और 12 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 39 वर्षीय कुलदीप निवासी कोटी, जिला शिमला और 33 वर्षीय मनोज निवासी ढली, जिला शिमला के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना ढली में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

