शिमला में चिट्टे के साथ दो तस्कर काबू
शिमला, 15 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने नए बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब सात ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को स्पेशल सेल की टीम को सूचना मिली थी कि टूटीकण्डी निवासी 26 वर्षीय संकल्प शर्मा और कोटखाई तहसील के नगान निवासी 36 वर्षीय श्याम लाल चंडीगढ़ से हेरोइन लाकर शिमला के नए बस स्टैंड क्षेत्र में उसकी सप्लाई करने वाले हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम नए बस स्टैंड इलाके में पहुंची और दोनों लोगों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनकी मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई करीब सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

