रोहड़ू में कार से चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार
शिमला, 08 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब 8 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को स्पेशल सेल उपमंडल रोहड़ू की टीम क्षेत्र में गश्त और अपराधों की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक वाहन को जांच के लिए रोका।
वाहन में नितिश (28), पुत्र शिशु पाल, निवासी करासा, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला और अंशवान मेहता (28), पुत्र विनोद कुमार, निवासी रोहल, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला सवार थे। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 8 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
इस मामले में पुलिस थाना जुब्बल में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें नियमानुसार अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने दोनों का रिमांड हासिल किया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

