home page

शिमला में अफीम सहित दो काबू

 | 
शिमला में अफीम सहित दो काबू


शिमला, 12 जून (हि.स.)। जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला की टीम ने दो व्यक्तियों को अफीम सहित गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

मामले के अनुसार 11 जून की मध्यरात्रि को स्पेशल सेल शिमला की पुलिस टीम यातायात चैकिंग एवं अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से छोटा शिमला, ढली, मशोबरा, बसंतपुर, सुन्नी, कधरघाट, जलोग आदि क्षेत्रों में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर एक वाहन को रोककर जांच की गई।

वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान ठियोग निवासी दिनेश ठाकुर (45) और सुन्नी निवासी धर्मेंद्र (33) वर्ष के रूप में हुई।

वाहन की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से लगभग 915 ग्राम अफीम बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में दोनों आरोपियों से कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

उक्त बरामदगी के आधार पर पुलिस थाना सुन्नी में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों को अब न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की आगामी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा