home page

कार से पकड़ा चिट्टा, दो युवक गिरफ्तार

 | 
कार से पकड़ा चिट्टा, दो युवक गिरफ्तार


शिमला, 11 जून (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से 4.5 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय जगमोहन निवासी गांव नयारी, तहसील रोहड़ू और 33 वर्षीय हेमंत मेहता निवासी गांव शरण, तहसील रामपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 10 जून को ठियोग पुलिस की टीम रहीघाट के पास यातायात जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन में चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति भी सवार था। पुलिस को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 4.5 ग्राम हेरोइन, जिसे आम बोलचाल में चिट्टा कहा जाता है, बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा