home page

रामपुर में दो मामलों में 13 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन गिरफ्तार

 | 
रामपुर में दो मामलों में 13 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन गिरफ्तार


शिमला, 06 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रामपुर क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 13 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। दोनों मामले रचोली क्षेत्र में गश्त के दौरान सामने आए।

पहले मामले में पुलिस थाना रामपुर की टीम ने पांच सितंबर को रचोली क्षेत्र में गश्त के दौरान कमलवीर (34) को पकड़ा। वह हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से करीब सात ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।

दूसरे मामले में भी पुलिस टीम ने रचोली क्षेत्र में गश्त के दौरान दो लोगों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार पंजाब के डेराबस्सी निवासी जतिंदर सिंह (30) और शिमला के झाकड़ी निवासी राजा नेगी (30) के कब्जे से करीब छह ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

इस मामले में पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार नशे से जुड़े इन मामलों में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीला पदार्थ आरोपियों तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं। नशे की तस्करी से जुड़े स्रोतों और संपर्कों की जानकारी जुटाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा