home page

किराए के कमरे से चिट्टा बरामद, तीन गिरफ्तार

 | 
किराए के कमरे से चिट्टा बरामद, तीन गिरफ्तार


शिमला, 10 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिड़गांव में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के कब्जे से हेरोइन यानी चिट्टा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद चिट्टे का वजन छह ग्राम है। यह कार्रवाई रविवार की रात की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चिड़गांव के बोटीनाला, कंडा रोड स्थित एक किराए के कमरे में नशीला पदार्थ मौजूद है। सूचना के आधार पर रोहड़ू पुलिस थाना की टीम ने कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान रवीन कुमार पुत्र ज्ञान सिंह, निवासी गांव टिपरोली, तहसील जांगला, जिला शिमला, के साथ मौजूद धीरेन्द्र सिंह पुत्र मुखन सिंह, निवासी जांगला और रूपेश कुमार पुत्र बिहारी लाल, निवासी चिरगांव के कब्जे से हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ मादक पदार्थ और नशीले पदार्थों से जुड़े कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह के अनुसार तीनों आरोपियों को अदालत के सामने पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और पुलिस बरामद नशीले पदार्थ से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा