home page

शिमला पुलिस ने पंजाब से पकड़ा चिट्टा सप्लायर, इस साल 77 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

 | 
शिमला पुलिस ने पंजाब से पकड़ा चिट्टा सप्लायर, इस साल 77 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार


शिमला, 16 सितंबर (हि.स.)। शिमला में पकड़े गए 6.5 ग्राम हेरोइन के मामले की जांच अब पंजाब के फाजिल्का तक पहुंच गई है। ढली पुलिस ने मामले की पिछली कड़ियों की जांच करते हुए पंजाब से उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर नशीला पदार्थ उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फाजिल्का क्षेत्र से हेरोइन हासिल कर मोहाली में शिमला के एक आरोपी को इसकी आपूर्ति की थी।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि वर्ष 2026 में अब तक पुलिस ने 77 मुख्य सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है और अंतरराज्यीय तस्करी के 58 नेटवर्क को ध्वस्त किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में आठ मुख्य सप्लायर और चार नेटवर्क तथा वर्ष 2024 में 12 मुख्य सप्लायर और तीन नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। पुलिस की जांच में नशीले पदार्थ की सप्लाई की पिछली कड़ियों तक पहुंचने पर इस मामले में पंजाब से मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी की गई है।

पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को ढली थाना क्षेत्र की टीम ने भट्टाकुफर-ढली टनल मार्ग पर एक टैक्सी कार को जांच के लिए रोका था। कार में चालक सीट पर शिमला के सुन्नी निवासी 25 वर्षीय दुष्यंत वर्मा और उसके साथ आगे की सीट पर कुल्लू के आनी निवासी 24 वर्षीय अक्षय शर्मा बैठे थे। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 6.5 ग्राम हेरोइन या चिट्टा बरामद हुआ था। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच में पुलिस को नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक फाजिल्का निवासी 24 वर्षीय अजय कुमार ने फाजिल्का क्षेत्र से हेरोइन हासिल की थी और बाद में मोहाली में अक्षय शर्मा को इसकी आपूर्ति की थी। जांच में अजय कुमार और अक्षय शर्मा के बीच 10,500 रुपये के वित्तीय लेन-देन का भी पता चला है।

दोनों के बीच हुई फोन कॉल की जानकारी से भी उनके संपर्क और नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त से संबंधित कड़ियां सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

इन कड़ियों के आधार पर ढली पुलिस की जांच टीम पंजाब पहुंची। पुलिस ने 14 सितंबर को गांव मोजेवाला तहसील जलालाबाद जिला फाजिल्का में अजय कुमार (24) पुत्र बलविन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार अजय कुमार फाजिल्का जिले का रहने वाला है और उसकी उम्र 24 वर्ष है। उसे बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस मामले में नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा