home page

शिमला में चिट्टे के साथ धरा सप्लॉयर

 | 
शिमला में चिट्टे के साथ धरा सप्लॉयर


शिमला, 17 अगस्त (हि.स.)। राजधानी शिमला में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को 30 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई स्पेशल सेल शिमला की टीम ने बालूगंज थाना अंतर्गत तारा देवी क्षेत्र में की।

पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को स्पेशल सेल शिमला को एक विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति तारा देवी रैन शेल्टर में चिट्टा लेकर मौजूद है और उसे सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना में बताया गया था कि आरोपी के पास एक काले रंग का पीठू बैग है, जिसमें नशीला पदार्थ रखा गया है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तारा देवी रैन शेल्टर पहुंचकर कार्रवाई की। वहां मौजूद व्यक्ति की पहचान गोपाल सिंह कटवाल (33) के रूप में हुई। वह मूल रूप से मंडी जिले का रहने वाला है और वर्तमान में शिमला के टुटीकंडी क्षेत्र में रह रहा है।

पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद काले रंग के सफारी बैग की एक गुप्त चैन की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक बैग से 30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले की जांच जारी है और पुलिस नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा