शिमला में पांच किलो अफीम के साथ सप्लायर गिरफ्तार
शिमला, 08 अगस्त (हि.स.)। शिमला पुलिस ने कुमारसैन क्षेत्र में करीब पांच किलोग्राम अफीम डोडा यानी पोस्त बरामद होने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले एक व्यक्ति की पहचान हुई। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को कुमारसैन थाना क्षेत्र के सैंज में नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी की तलाशी ली गई थी। तलाशी के दौरान टैक्सी की डिक्की से करीब पांच किलोग्राम अफीम डोडा यानी पोपी स्ट्रॉ बरामद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने मौके से 42 वर्षीय पिंकू राम को गिरफ्तार किया था। वह कुमारसैन तहसील, जिला शिमला का रहने वाला है।
मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े लोगों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को इस मामले में कुल्लू जिले के आनी तहसील निवासी 31 वर्षीय बिट्टू ठाकुर की भूमिका के बारे में जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार जांच में बिट्टू ठाकुर की भूमिका मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले प्रमुख आरोपी के रूप में सामने आई। इसके बाद उसे एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है। जांच में मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

