शिमला में 50 लोगों को चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य सरगना पंजाब से गिरफ्तार
शिमला, 01 जुलाई (हि.स.)। जिला शिमला के ऊपरी क्षेत्र में दर्जनों लोगों को नियमित रूप से चिट्टा (हेरोइन) सप्लाई करने वाले एक मुख्य सरगना को शिमला पुलिस ने पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शिव चरण महतो ऊपरी शिमला के करीब 50 लोगों को नशे की खेप पहुंचा चुका था। पुलिस का कहना है कि ठियोग में चिट्टा बरामदगी के एक मामले की जांच के दौरान पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ और इसके बाद मुख्य सप्लायर तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार यह मामला 21 जून का है। उस दिन पुलिस थाना ठियोग की टीम फागू क्षेत्र में गश्त और अपराध रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से करीब 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मौके पर वाहन चालक ठियोग के फागू निवासी साहिल वर्मा (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया और मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। मोबाइल फोन और व्हाट्सएप से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया। इसी पड़ताल में पुलिस को नशे की सप्लाई चेन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि बरामद चिट्टे की खेप मोहाली निवासी शिव चरण महतो से लाई गई थी, जो इस नेटवर्क का प्रमुख सप्लायर माना जा रहा है।
इसके बाद शिमला पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर पंजाब में कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस टीम ने 29 जून की मध्यरात्रि को मोहाली के एसएएस नगर क्षेत्र में दबिश दी और शिव चरण महतो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान साधु महतो के पुत्र शिव चरण महतो निवासी जगतपुरा, एसएएस नगर, मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शिव चरण महतो लंबे समय से ऊपरी शिमला क्षेत्र में नशे की आपूर्ति कर रहा था। प्रारंभिक जांच के अनुसार वह करीब 50 लोगों को नियमित रूप से हेरोइन उपलब्ध कराता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, नशे की खेप कहां से लाई जाती थी और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों तक की जाती थी।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी शिव चरण महतो को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
एसएसपी गौरव सिंह के अनुसार नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित रहने के बजाय पूरे सप्लाई नेटवर्क को चिन्हित कर उसके प्रत्येक सदस्य तक पहुंचने पर जोर दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

