home page

शिमला : चिट्टा तस्करी मामले में पंजाब का सप्लायर गिरफ्तार

 | 
शिमला : चिट्टा तस्करी मामले में पंजाब का सप्लायर गिरफ्तार


शिमला, 07 जून (हि.स.)। शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक मामले की जांच के दौरान सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि वह लंबे समय से चिट्टे की आपूर्ति से जुड़ा हुआ था और गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के संपर्क में था।

पुलिस के अनुसार 22 मई को बालूगंज थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान चार लोगों के कब्जे से 30.35 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया था। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ करने के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों, बैंक खातों के लेन-देन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और व्हाट्सएप चैट का विश्लेषण किया। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पंजाब और चंडीगढ़ क्षेत्र से जुड़े एक नेटवर्क के माध्यम से चिट्टे की तस्करी में शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान मिले साक्ष्यों से पता चला कि होशियारपुर निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी कथित तौर पर इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

जांच एजेंसियों का दावा है कि वह आरोपियों को मादक पदार्थों की बिक्री के बदले कमीशन देता था और अधिकांश लेन-देन नकद में किए जाते थे। पुलिस को बैंक खातों की जांच में जसप्रीत सिंह और एक आरोपी के बीच वित्तीय लेन-देन के संकेत भी मिले हैं।

इसी आधार पर पुलिस ने 2 जून को जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए उसका रिमांड हासिल किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी दो मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला वर्ष 2024 में पश्चिम शिमला थाना क्षेत्र में 13.55 ग्राम चिट्टा बरामद होने से जुड़ा है, जबकि दूसरा मामला पंजाब के होशियारपुर जिले में दर्ज किया गया था, जिसमें प्रतिबंधित नशीली दवाओं की स्ट्रिप्स बरामद होने का उल्लेख है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और चिट्टा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा पूरे नेटवर्क की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा