चिट्टा-आईस तस्करी मामले में पंजाब से सप्लायर गिरफ्तार, 196 ग्राम हेरोइन और 47 ग्राम आईस बरामद
शिमला, 01 जून (हि.स.)। जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा और आईस की सप्लाई करने वाले एक कथित सप्लायर को पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि मामले की जांच, तकनीकी विश्लेषण और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इस मामले में अब तक कुल 196 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 47 ग्राम आईस (मेथामफेटामाइन) और 60,400 रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार 29 मई को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर ढली चौक के पास एक मकान में तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने 19 वर्षीय अवंतिका नेगी और 20 वर्षीय प्रद्युम्न ठाकुर के कब्जे से करीब 65 ग्राम हेरोइन और 20 ग्राम आईस बरामद की। इसके बाद पुलिस थाना ढली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी यह नशीला पदार्थ पंजाब के खरड़ से समर नामक व्यक्ति से लेकर आए थे।
इसके बाद पुलिस टीम ने पंजाब में कार्रवाई करते हुए मामले के कथित मुख्य सप्लायर समर सिंह उर्फ टाइगर को खरड़ से गिरफ्तार कर लिया। समर सिंह मूल रूप से पंजाब के फिरोजपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में खरड़ में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी समर सिंह के कब्जे से करीब 131 ग्राम हेरोइन, 27 ग्राम आईस और 60,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद नकदी को पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी राशि होने के संदेह में कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 जून तक का पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 में नशा तस्करी के मामलों में बैकवर्ड लिंकेज की जांच के आधार पर अब तक 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनका कहना है कि उसका फोकस केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, इनके स्रोत और सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचकर तस्करी के पूरे तंत्र पर कार्रवाई करना भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

