ऊना में एसटीएफ की कार्रवाई, 77.59 ग्राम चिट्टा के साथ चार गिरफ्तार
शिमला, 12 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऊना जिले में दो चरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 77.59 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 11 जुलाई को एसटीएफ की टीम ऊना जिले की अंब तहसील में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को विश्वसनीय सूचना मिली कि मुबारिकपुर क्षेत्र में चिट्टा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 60.45 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना अंब में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान आरोपियों से मिले सुरागों के आधार पर 12 जुलाई को एक और कार्रवाई की गई। एसटीएफ की टीम ने ग्राम तलवाड़ा में दो लोगों के घरों की कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी ली। इस दौरान 17.14 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद दोनों लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया और बरामद मादक पदार्थ के संबंध में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि मामले की जांच जारी है। बरामद चिट्टा के स्रोत, इसकी आपूर्ति श्रृंखला, इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
प्रदेश पुलिस ने लोगों, विशेष रूप से युवाओं से अपील की है कि यदि चिट्टा या अन्य मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी कोई सूचना हो तो तुरंत 112 या निकटतम पुलिस थाना को इसकी जानकारी दें। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

