home page

शिमला और रामपुर में 15 ग्राम चिट्टा बरामद, छह लोग गिरफ्तार

 | 
शिमला और रामपुर में 15 ग्राम चिट्टा बरामद, छह लोग गिरफ्तार


शिमला, 19 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के शिमला शहर और रामपुर में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। दोनों मामलों में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला शिमला शहर के पंथाघाटी क्षेत्र का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद एक कमरे में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां मौजूद तीन लोगों के कब्जे से करीब छह ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय शिवम शर्मा निवासी कसुम्पटी, 27 वर्षीय वैभव मेहता निवासी रोहड़ू और 27 वर्षीय तनुज कुमार निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले की जांच जारी है।

दूसरी कार्रवाई रामपुर के रोप्रू नाला क्षेत्र में की गई। पुलिस गश्त के दौरान संदेह के आधार पर तीन लोगों की तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से करीब नौ ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

रामपुर मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय अजेंदर कुमार निवासी किन्नौर, 27 वर्षीय निखिल निवासी ननखड़ी (जिला शिमला) और 24 वर्षीय मोनिका निवासी निरमंड (जिला कुल्लू) के रूप में हुई है। अदालत ने तीनों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा