शिमला : नशा तस्करी की कमाई से बनाई 1.38 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज, 12 लोगों पर कार्रवाई
शिमला, 25 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के कारोबार से होने वाली कमाई से बनाई गई संपत्तियां अब पुलिस के निशाने पर हैं। शिमला पुलिस ने रामपुर में दर्ज एक चिट्टा तस्करी के मामले की वित्तीय जांच के बाद 1.38 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल संपत्तियां फ्रीज की हैं। इस कार्रवाई के दायरे में छह आरोपी और उनके छह सहयोगी शामिल हैं। पुलिस ने इन 12 लोगों के नाम पर दर्ज ट्रक, टिपर, आठ कारों और दो आईफोन को चिह्नित किया है। जांच में सामने आया कि इन संपत्तियों को खरीदने के लिए संबंधित लोगों की पर्याप्त वैध आय का स्रोत नहीं मिला। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया इन संपत्तियों को नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से खरीदा गया था।
27 ग्राम चिट्टे की बरामदगी से खुली तस्करी के नेटवर्क की परतें
मामला मार्च 2025 का है। रामपुर पुलिस थाना क्षेत्र में कुढीधार क्रशर के समीप तीन मार्च को गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली थी। वाहन में सवार करसोग निवासी सोहन लाल और उसकी पत्नी गीता श्रेष्ठ के कब्जे से करीब 27 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की। नशे की आपूर्ति और उससे जुड़े लोगों की पहचान के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल की गई। इस जांच में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
बैंक खातों से लेकर गाड़ियों के रिकॉर्ड तक खंगाले
मामले में वर्ष 2026 के दौरान एनडीपीएस अधिनियम के अध्याय पांच-ए के तहत वित्तीय जांच की गई। इसके तहत आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों के बैंक खातों, यूपीआई लेन-देन, आयकर रिटर्न, राजस्व अभिलेखों और परिवहन विभाग के रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया। जांच में छह आरोपियों और उनके छह सहयोगियों के नाम पर चल संपत्तियों का पता चला। इनमें एक ईकोमेट ट्रक, एक आयशर टिपर और हुंडई वेन्यू, टोयोटा ग्लैंजा, हुंडई आई-20, मारुति स्विफ्ट, मारुति बोलेरो कैंपर, मारुति इग्निस, मारुति सेलेरियो और मारुति ईको शामिल हैं। इसके अलावा दो एप्पल आईफोन भी संपत्तियों की सूची में शामिल किए गए हैं। इन सभी का कुल अनुमानित मूल्य 1.38 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है।
संदीप शाह से जुड़े खातों में डेढ़ करोड़ से अधिक के संदिग्ध लेन-देन
वित्तीय जांच में आरोपियों और उनके सहयोगियों के बैंक खातों में संदिग्ध लेन-देन भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, विशेष रूप से आरोपी संदीप शाह और उसके सहयोगियों के खातों में यूपीआई और बैंकिंग के अन्य माध्यमों से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन पाया गया। जांच में संपत्तियों की खरीद के लिए संबंधित व्यक्तियों की पर्याप्त ज्ञात और वैध आय का स्रोत सामने नहीं आया। वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने इन्हें नशा तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई संपत्तियां माना है। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68ई और 68एफ (1) के तहत इन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।
अब तक 14 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां फ्रीज
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि जिला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रख रही है। इस अवैध कारोबार से कमाए गए धन और उससे बनाई गई संपत्तियों की भी पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि रामपुर के मामले में वित्तीय जांच के आधार पर 1.38 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्तियां फ्रीज की गई हैं। नशा तस्करी के नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिला शिमला में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में आरोपियों और उनके सहयोगियों की 14 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां फ्रीज या सीज की जा चुकी हैं। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस नशे के अवैध कारोबार से अर्जित कमाई और उससे बनाई गई संपत्ति पर शिकंजा कस रही है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रख रही है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन और उससे बनाई गई संपत्तियों की भी पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

