नशा तस्करी से खरीदी गई करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
शिमला, 27 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 17 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस थाना रोहड़ू में दर्ज एक मामले की वित्तीय जांच के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि मामले के एक आरोपी ने नशा तस्करी से कमाई गई अवैध रकम से एक लग्जरी वाहन खरीदा था। मामले में बरामद नकदी भी नशा तस्करी से अर्जित आय पाई गई। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत लग्जरी वाहन और नकद राशि को फ्रीज कर जब्त करने के आदेश जारी किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 2 फरवरी 2026 को रोहड़ू थाना क्षेत्र में महेन्दली पुल के पास पंजाब निवासी जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह के कब्जे से उनकी टैक्सी में 83 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इस दौरान पुलिस ने टैक्सी को भी जब्त कर लिया था। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25, 29, 27ए और भारतीय न्याय संहिता की धारा 238 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल की और अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ चालान संबंधित अदालत में पेश किया जा चुका है। आगे की वित्तीय जांच में यह स्थापित हुआ कि पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी शुभम दरकाल निवासी चिड़गांव ने नशा तस्करी से अर्जित अवैध आय से एक लग्जरी वाहन खरीदा था। साथ ही मामले में बरामद नकदी भी अवैध कमाई का हिस्सा पाई गई।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक वित्तीय जांच के आधार पर जिला शिमला में सात मामलों में 25 आरोपियों की कुल 4.29 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। पुलिस का दावा है कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश में किसी भी जिला पुलिस द्वारा की गई यह सबसे बड़ी संपत्ति जब्ती की कार्रवाई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि वर्ष 2024 और 2025 में जिला शिमला में वित्तीय जांच के आधार पर अवैध संपत्तियों की कोई जब्ती नहीं हुई थी।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं की जाएगी, बल्कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें भी कानून के अनुसार जब्त किया जाएगा, जिससे नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

