शिमला : बस में सफर कर रहे यात्री से चिट्टा बरामद, गिरफ्तार
शिमला, 09 नवंबर (हि.स.)। शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बालूगंज थाना अंतर्गत शोघी के पास एक बस में सफर कर रहे व्यक्ति से 11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने यह कार्रवाई पुलिस पोस्ट शोघी के नजदीक बस की जांच के दौरान की। आरोपी की पहचान 42 वर्षीय विजय ठाकुर निवासी कुमारसैन जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बीते 5 नवम्बर को स्पेशल सेल की टीम बस की जांच कर रही थी। इस दौरान बस की एक सीट पर बैठे विजय ठाकुर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बालूगंज थाना में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

