home page

कार से 5.291 किलो अफीम बरामद, एक गिरफ्तार

 | 
कार से 5.291 किलो अफीम बरामद, एक गिरफ्तार


शिमला, 31 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से 5.291 किलोग्राम पोस्त (अफीम पोस्त) बरामद किया है। मामले में पुलिस ने कुमारसैन क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी की पहचान कुमारसेन के महोली गांव निवासी पिंकू राम (42) पुत्र रती राम के रूप में हुई है। वह कार का मालिक है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार यह मामला थाना कुमारसैन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत दर्ज किया गया। पुलिस ने यह कार्रवाई डिटेक्शन सेल, उपमंडल रामपुर में तैनात मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) पीयूष राज की शिकायत के आधार पर की।

मामले के अनुसार 30 जुलाई की शाम करीब पांच बजे मुख्य आरक्षी पीयूष राज अपनी डिटेक्शन टीम के साथ सैंज और सैंज-लुहरी रोड (एनएच-305) पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सड़क के नीचे की ओर एक कार खड़ी दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार के पास जाकर जांच की तो उसमें एक व्यक्ति बैठा मिला।

पुलिस ने कार की तलाशी ली। जांच के दौरान कार की डिक्की से 5.291 किलोग्राम पोस्त (अफीम पोस्त) बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कुमारसैन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा