ठियोग में चिट्टा बरामद, एक गिरफ्तार
शिमला, 13 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस थाना ठियोग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सात ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है और एक युवक को गिरफ्तार किया है।
मामले के अनुसार पुलिस उपमंडल ठियोग की टीम को नशा तस्करी से जुड़ी सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद पुलिस ने बाईपास रोड ठियोग स्थित चोलामंडलम कार्यालय के पास एक वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड से सात ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
बरामदगी के बाद पुलिस ने वाहन में मौजूद मनीष कश्यप पुत्र मोहन लाल कश्यप, निवासी ठियोग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान मिशन मोड में जारी है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

