शिमला: सेब के बागीचे में उगाई जा रही थी अफीम, 1,155 पौधे बरामद, एक गिरफ्तार
शिमला, 05 जून (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक सेब के बागीचे से 1,155 अफीम डोडा (ओपियम पॉपी) के पौधे बरामद किए हैं। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 2 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि ठियोग उपमंडल के गांव झल्ली में एक बागीचे के भीतर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव झल्ली, डाकघर जैस में स्थित बागीचे में दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस को सेब के पेड़ों के बीच बड़ी संख्या में अफीम डोडा के पौधे लगे हुए मिले। पुलिस ने मौके पर एक व्यक्ति को इन पौधों की देखभाल करते हुए पाया। पूछताछ के दौरान वह अफीम की खेती के लिए कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार पौधों को उखाड़कर उनकी गिनती की। जांच में कुल 1,155 छोटे-बड़े अफीम डोडा के पौधे पाए गए। पुलिस ने सभी पौधों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
इस संबंध में पुलिस थाना ठियोग में एफआईआर दर्ज की गई है। मामला एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने गांव झल्ली निवासी 37 वर्षीय सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि अवैध अफीम की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

