मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्ति गिरफ्तार
शिमला, 05 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक व्यक्ति को चरस और अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना ढली के क्षेत्र में स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने रविवार को ये जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल को स्पेशल सेल शिमला की टीम थाना ढली क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति इलाके में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कुफरी स्थित आईएचएम के पास कार्रवाई की और एक व्यक्ति को रोका।
पुलिस ने बताया कि तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के ट्रंक से 30.110 ग्राम चरस और 127.090 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण वर्मा उर्फ बंटी (33) निवासी गांव जानू, डाकघर धमांदरी, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सड़क किनारे दुकान करता है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना ढली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 7 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

