home page

शिमला में चिट्टे पर पुलिस का शिकंजा, चार लोगों पर कार्रवाई

 | 
शिमला में चिट्टे पर पुलिस का शिकंजा, चार लोगों पर कार्रवाई


शिमला, 30 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले में चिट्टा तस्करी से जुड़े अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। झाकड़ी में 8.53 ग्राम चिट्टा मिलने के मामले में पुलिस ने जांच के दौरान एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। चौपाल में 3.49 ग्राम चिट्टा मिलने के मामले में एक युवक की संलिप्तता सामने आने के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, ढली बाईपास के एक होमस्टे में दो युवकों के पास से 4.010 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।

झाकड़ी में 8.53 ग्राम चिट्टा मिलने के मामले में पुलिस ने ननखड़ी निवासी 34 वर्षीय राजन मेहता को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 13 अगस्त को झाकड़ी बाजार में एक किराये के कमरे की तलाशी के दौरान 8.53 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इस मामले में धीरज शर्मा और आशीष को पहले गिरफ्तार किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने धीरज शर्मा से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि धीरज शर्मा 12 अगस्त को राजन मेहता के साथ उसकी कार संख्या HP06B-4771 में चिट्टा खरीदने के लिए जिरकपुर गया था। पुलिस के अनुसार जिरकपुर में नशीले पदार्थ की खरीद में राजन मेहता की भूमिका सामने आई।

जांच के दौरान राजन मेहता के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन का भी विश्लेषण किया गया। पुलिस के अनुसार इसमें राजन मेहता का धीरज शर्मा के साथ संपर्क और उसकी लोकेशन की पुष्टि हुई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर राजन मेहता को 25 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

दूसरे मामले में चौपाल पुलिस ने 3.49 ग्राम हेरोइन मिलने के मामले में एक अन्य युवक की संलिप्तता सामने आने पर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को अतर सिंह को 3.49 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया था।

मामले की आगे की जांच और अतर सिंह से पूछताछ के दौरान उसके नशीले पदार्थ से जुड़े संपर्कों के बारे में जानकारी मिली।

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर चौपाल निवासी 27 वर्षीय आशीष ब्रागटा की मामले में संलिप्तता पाई गई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

इसी बीच ढली बाईपास स्थित एक होमस्टे में पुलिस ने दो युवकों से 4.010 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार 30 अगस्त को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि होमस्टे के एक कमरे में दो युवक चिट्टा बेचने का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कमरे की तलाशी ली।

कमरे में संजौली निवासी 38 वर्षीय महेश ठाकुर उर्फ महेशी और कुल्लू जिले के आनी निवासी 23 वर्षीय देवेन्द्र कुमार मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान डबल बेड पर चादर के नीचे, तकिये के पास से 4.010 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा