शिमला में पर्यटक बनकर पहुंचे पंजाब के चार युवकों से पकड़ा चिट्टा, गिरफ्तार
शिमला, 07 जून (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब के चार युवकों को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पर्यटक बनकर हिमाचल आए थे, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उनके कब्जे से 19 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था।
पुलिस को 5 जून को सूचना मिली थी कि एक वाहन में सवार कुछ लोग मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही डिटेक्शन सैल रोहड़ू की टीम सक्रिय हुई और महेंदली क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार चार युवकों के कब्जे से 19 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद सभी को मौके पर ही हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय रविंदर सिंह बराड़ निवासी जिला फिरोजपुर (पंजाब), 25 वर्षीय जशन प्रीत सिंह निवासी जिला मोगा (पंजाब), 22 वर्षीय हरदीप सिंह निवासी जिला फिरोजपुर (पंजाब) और 20 वर्षीय दिलप्रीत सिंह निवासी जिला फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस थाना रोहड़ू में चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच एजेंसियां अब यह भी खंगाल रही हैं कि आरोपियों का किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से संबंध तो नहीं है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि हिमाचल में उनकी आवाजाही का वास्तविक उद्देश्य क्या था और क्या प्रदेश में किसी अन्य व्यक्ति तक यह खेप पहुंचाई जानी थी।
शिमला पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और बाहरी राज्यों से आने वाले संदिग्ध तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह के मुताबिक मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

