home page

रोहड़ू में तीन युवकों से चिट्टा बरामद, केस दर्ज

 | 
रोहड़ू में तीन युवकों से चिट्टा बरामद, केस दर्ज


शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। जिला शिमला में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस थाना रोहड़ू की टीम ने तीन युवकों को 3.58 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा है। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई बुधवार देर शाम की गई, जब पुलिस थाना रोहड़ू की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें एक मुखबिर खास से विश्वसनीय सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत योजना बनाकर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर स्वतंत्र गवाहों को भी शामिल किया और समोली क्षेत्र में एक बिल्डिंग के कमरे की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद तीन व्यक्तियों से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इनमें वीरेंद्र सिंह, निवासी डोडरा क्षेत्र, अक्षय कुमार, निवासी जाखा क्षेत्र और कृष्ण कान्त, निवासी डोडरा क्षेत्र शामिल हैं। तीनों की उम्र लगभग 31 से 32 वर्ष के बीच है।

पुलिस के अनुसार इन तीनों के कब्जे से कुल 3.58 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसे चिट्टा भी कहा जाता है। इसके बाद पुलिस थाना रोहड़ू में इनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को 35(3) BNSS के तहत नोटिस पर पाबंद किया गया है और मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

शिमला पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा