बस का इंतजार कर रहा युवक चिट्टे के साथ पकड़ा
शिमला, 28 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग उपमंडल में पुलिस ने एक युवक को 4.39 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा है। शुक्रवार को ठियोग पुलिस थाने की जांच टीम को सूचना मिली थी कि फागू चौक पर एक युवक नशीला पदार्थ लेकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम फागू चौक पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से 4.39 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया और व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए व्यक्ति की पहचान ठियोग निवासी निशांत श्याम (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ नशीले पदार्थ रखने के आरोप में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान नशीला पदार्थ उसके पास कहां से आया और वह इसे कहां ले जाने वाला था, इस संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

