home page

शिमला : बस में सफर कर रहे नाबालिग से मिला चिट्टा, केस दर्ज

 | 
शिमला : बस में सफर कर रहे नाबालिग से मिला चिट्टा, केस दर्ज


शिमला, 13 नवंबर (हि.स.)। शिमला में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बस की जांच के दौरान करीब 14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। यह नशीला पदार्थ बस की एक सीट पर रखे पारदर्शी हल्के हरे रंग के प्लास्टिक पैकेट में मिला। जांच के दौरान पता चला कि पैकेट एक किशोर की सीट पर रखा हुआ था। पुलिस ने इस मामले में किशोर को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल शिमला की टीम ने वीरवार देर शाम पुलिस चौकी शोघी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान वहां से गुजर रही एक बस को जांच के लिए रोका गया। बस की तलाशी लेने पर एक सीट पर रखा प्लास्टिक पैकेट मिला। जब पैकेट की जांच की गई तो उसमें करीब 14 ग्राम चिट्टा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने किशोर को सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश किया। इसके बाद उसे ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा