कार में चिट्टा सेवन कर रहे दो युवक पकड़े, एफआईआर
शिमला, 10 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रोहड़ू क्षेत्र के पास दो युवकों को चिट्टे के साथ पकड़ा है। दोनों युवक एक कार में बैठे थे और कथित तौर पर चिट्टे का सेवन कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 10.89 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस थाना देहा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला मई पुल के पास स्थित नेणा बाबा की कुटिया के नजदीक का है। यहां एक ऑल्टो कार खड़ी थी। कार में दो व्यक्ति मौजूद थे। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उनकी पहचान रोहडू के समरकोट निवासी रॉनी पुत्र भगवान दास रोहडू के बारला के रूप में की।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 10.89 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस बरामदगी के आधार पर पुलिस थाना देहा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

