जुब्बल में वाहन सवार दो युवकों से पकड़ा चिट्टा, एफआईआर
शिमला, 17 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के जुब्बल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक वाहन से 4.10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेज (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत वाहन सवार दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला हेड कांस्टेबल विशाल नैण्टा, जांच अधिकारी, डिटेक्शन सेल, रोहड़ू उपमंडल की ओर से दी गई रुक्का के आधार पर दर्ज हुआ है। 16 सितंबर को करीब दोपहर 2:05 बजे वह गश्त के दौरान सैंधोर पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मौजूद थे। इसी दौरान एक गुप्त सूचना मिली कि कैलाश सिंह (42) निवासी रोहड़ू और अभिषेक (21) निवासी चिड़गांव चिट्टा खरीदने और बेचने में संलिप्त हैं।
पुलिस को मिली सूचना के अनुसार दोनों युवक 16 सितंबर को वाहन नंबर एचपी-10बी-6104 में चिट्टे की खेप लाने के लिए झराग की ओर गए थे। सूचना में कहा गया था कि यदि वाहन को झराग की ओर पटसारी में या उसके बीच किसी स्थान पर रोका जाए और तलाशी ली जाए तो उसमें से चिट्टा बरामद हो सकता है। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 4.10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। इसके बाद जुब्बल थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

