home page

वाहन सवार तीन लोगों से पकड़ा चिट्टा, केस दर्ज

 | 
वाहन सवार तीन लोगों से पकड़ा चिट्टा, केस दर्ज


शिमला, 26 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के झाकड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक वाहन की तलाशी के दौरान तीन लोगों के कब्जे से 3.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले में रामपुर निवासी 32 वर्षीय हितेश ठाकुर, 30 वर्षीय बलदेव और 29 वर्षीय विशाल को आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को झाकड़ी थाना क्षेत्र की टीम धार गौरा के समीप डोई खड्ड में नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीनों लोगों के कब्जे से कुल 3.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।

पुलिस ने बरामदगी के संबंध में झाकड़ी थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा